आगामी 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक पेंच टाइगर रिजर्व में प्रस्तावित राज्यस्तरीय मोगली बाल महोत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं उनके मार्गदर्शी शिक्षकों के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं तथा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा की गई।कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को उनके कार्यानुरूप आवश्यक दायित्व सौंपे। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रतिभागी बच्चों एवं मार्गदर्शी शिक्षकों के आवास, खान-पान, परिवहन, कार्यक्रम स्थल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व सुनिश्चित की जाएं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से पूर्ण करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली तिथिवार गतिविधियों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने पेंच टाइगर रिजर्व के प्राकृतिक परिवेश एवं वन्यजीवों से बच्चों को परिचित कराने वाली गतिविधियों के साथ प्रस्तावित सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक गतिविधि के लिए स्थल, समय, आवश्यक संसाधन एवं संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियां पूर्व से निर्धारित करने के निर्देश दिए।उन्होंने आयोजन की प्रकृति को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन व्यवस्थाओं में विभिन्न विभागों की सहभागिता आवश्यक है, उन्हें आपसी समन्वय से पूरा करने के लिए कहा।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, जिला कोषालय, पेंच टाइगर रिजर्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित तैयारियों की जानकारी देते हुए आयोजन के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की बात कही।
राज्यस्तरीय मोगली बाल महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजितकलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा कर सौंपे दायित्व

धाकड़ डेस्क · 5 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट
