भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा संचालित ‘ नशा मुक्त युवा – विकसित भारत ’ अभियान के तहत रविवार को बैतूल में नशा मुक्ति जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का शुभारंभ ओपन ऑडिटोरियम से किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, माय भारत मध्य प्रदेश के राज्य निदेशक श्री मंगल झाकर, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह उपस्थित रहे।
अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा का ओपन ऑडिटोरियम से शुभारंभ किया, जो शिवाजी चौक, मेजर ध्यानचंद चौक, अंबेडकर चौक, कारगिल चौक एवं पोस्ट ऑफिस होते हुए पुनः ऑडिटोरियम पहुंची, जहां पदयात्रा का समापन हुआ। इस दौरान युवाओं एवं प्रतिभागियों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील
इस अवसर पर अतिथियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त एवं सामाजिक रूप से जिम्मेदार बनने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला युवा अधिकारी श्रीमती सुषमा गवली ने बताया कि पदयात्रा में प्रशासन, पुलिस विभाग, यातायात विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नगर पालिका, जेएच कॉलेज, माय भारत के सभी सदस्यों, युवाओं, माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों, यूथ क्लब सदस्यों, महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, खेल विभाग के खिलाड़ियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


