मध्यप्रदेश शासन के ‘ सेवा सेतु अभियान ’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मण्डला में 5 अक्टूबर 2026 को ‘ सरकार आपके द्वार ’ कार्यक्रम के तहत विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ‘ गाँव की बेटी योजना ’ के तहत छात्रवृत्ति से संबंधित समस्याओं के निराकरण के साथ छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया एवं योजना के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
शिविर में छात्राओं को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन एवं सत्यापन प्रक्रिया तथा छात्रवृत्ति प्राप्त करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। छात्राओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति एवं विद्यार्थी हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा ने ‘ गाँव की बेटी योजना ’ के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी डॉ. पी.एल. झारिया ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने छात्रवृत्ति संबंधी प्रक्रियाओं एवं प्रकरणों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
कार्यक्रम में डॉ. एस.एस. ज्योतिषी, डॉ. एस.आर. बघेल, डॉ. अर्जुन सिंह बघेल, डॉ. राजेश धुर्वे, डॉ. अनीता झारिया, डॉ. अनुपमा कुजूर, डॉ. संध्या डेहरिया, डॉ. अरविन्द ठाकुर, डॉ. कृष्णा सरैया सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं।
‘ सरकार आपके द्वार ’ कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं पात्र हितग्राहियों तक सरल, सुगम और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करना है।

