सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, मुरैना में बुधवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर ‘माननीय प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सेवा कार्य’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संस्था के 48 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवा कार्यों को चित्रों के रूप में प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने जनकल्याण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं विकसित भारत की संकल्पना को अभिव्यक्त किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री दिलीप गांगिल ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुक्त, तकनीकी शिक्षा, भोपाल एवं कलेक्टर, जिला मुरैना के निर्देशानुसार संस्था स्तर पर 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों में 28 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री द्वारा किए गए सेवा कार्य विषय पर भाषण प्रतियोगिता तथा 30 सितंबर 2026 को ‘विकसित भारत की संकल्पना’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
संस्था के प्राचार्य श्री मनोज कुमार सक्सेना ने सेवा संकल्प अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, राष्ट्रप्रेम, सेवा भावना एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा नए विषयों को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यक्रम नोडल अधिकारी श्री कपिल राजे, श्री अमित जैन, श्री धर्मेन्द्र कुमार, श्री जितेन्द्र सिंह, डॉ. रामनरेश सिंह तोमर, श्रीमती कुक्की चिरगैंया, श्रीमती मुक्ता श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार उच्चकोटिया सहित महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता श्री दिलीप गांगिल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।



