सेवा सेतु अभियान अंतर्गत सरकार आपके द्वार तथा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत रविवार 4 अक्टूबर को मानस भवन, बासौदा में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, विदिशा द्वारा उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बासौदा विधायक श्री हरिसिंह रघुवंशी समेत अन्य जनप्रतिनिधि कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता सहित प्रशासनिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्यम संवाद का उद्देश्य युवाओं, हितग्राहियों एवं आमजन को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा इच्छुक व्यक्तियों को स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए मौके पर ही निराकरण का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना ( PMFME), प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना तथा मत्स्य संपदा योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार एवं आर्थिक कल्याण योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही संत रविदास योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना तथा पशुपालन विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के संबंध में भी हितग्राहियों को अवगत कराया गया।

सफल उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

उद्यम संवाद के दौरान योजना का लाभ लेकर सफलतापूर्वक अपना व्यवसाय एवं उद्यम संचालित कर रहे हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शासन की स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से उन्हें वित्तीय सहायता एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिससे वे स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सके। सफल उद्यमियों के अनुभवों से उपस्थित अन्य हितग्राहियों को भी स्वरोजगार अपनाने और योजनाओं का लाभ लेकर अपना उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरणा मिली।

हितग्राहियों की समस्याओं के निराकरण का प्रयास

कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों एवं हितग्राहियों से उनकी समस्याओं, योजना संबंधी कठिनाइयों तथा व्यवसाय संचालन से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा समस्याओं की जानकारी लेकर मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया तथा पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का यथासंभव निराकरण करने का प्रयास किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि शासन का उद्देश्य विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं एवं पात्र हितग्राहियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उद्यम संवाद जैसे आयोजनों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर नए उद्यम स्थापित होने, रोजगार के अवसर बढ़ने और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।