विदिशा जिले के ग्राम नरखेड़ा खड़ैया की होनहार छात्रा सुश्री नैंसी रघुवंशी ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जोहद में अध्ययनरत नैंसी ने कक्षा 12वीं के कला संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

नैंसी की इस उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के लिए मध्यप्रदेश शासन की मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत उन्हें स्कूटी क्रय करने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की राशि उनके बैंक खाते में प्रदाय की गई है। योजना का लाभ मिलने से नैंसी को अपनी आगे की पढ़ाई के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी और शैक्षणिक गतिविधियों में भी सहूलियत होगी।

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ मिलने पर सुश्री नैंसी रघुवंशी ने मध्यप्रदेश शासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि शासन की यह योजना विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। नैंसी ने कहा कि शासन से मिला यह प्रोत्साहन उनके लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा है।

उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करती है।