चंदिया के शासकीय महाविद्यालय में आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
उमरिया 27 सितंबर। सेवा से संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकासखंड करकेली अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय चंदिया में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए 16 यूनिट रक्तदान किया।
ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. मुकुल तिवारी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त मात्रा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक मानवीय कार्य है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. व्ही.एस. चंदेल ने स्वस्थ एवं पात्र नागरिकों से आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से सेवा से संकल्प अभियान का हिस्सा बनकर रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।



