जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सीधी में 16 से 17 अक्टूबर तक आयोजित संभाग स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन शनिवार को उत्कृष्ट विद्यालय सीधी में हुआ। प्रतियोगिता में सीधी, सतना, रीवा एवं सिंगरौली सहित विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू रामजी सिंह रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश व्यायाम शिक्षक संघ के अध्यक्ष शलकांत सिंह एवं उत्कृष्ट विद्यालय सीधी के प्राचार्य एस.एन. त्रिपाठी उपस्थित रहे।
विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के परिणामों में बास्केटबॉल के 14 वर्ष बालक वर्ग में सीधी ने प्रथम तथा सतना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में सतना विजेता और रीवा उपविजेता रहा। एथलेटिक्स में रीवा ने विजेता तथा सीधी ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
थ्रो बॉल के बालक वर्ग में सतना विजेता और सीधी उपविजेता रहा, जबकि बालिका वर्ग में सीधी ने विजेता का खिताब हासिल किया तथा सिंगरौली उपविजेता रहा। सेपक टकरा में सतना विजेता और रीवा उपविजेता रहा। कुरास प्रतियोगिता में सीधी ने प्रथम तथा सतना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। स्क्वैश में भी सीधी विजेता और सतना उपविजेता रहा
क्रिकेट प्रतियोगिता में सीधी एवं सतना को संयुक्त विजेता घोषित किया गया। साइकिलिंग में रीवा विजेता तथा सीधी उपविजेता रहा। ताइक्वांडो में रीवा ने प्रथम और सतना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
ट्रॉफी देकर खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में विभिन्न जिलों से आए क्रीड़ा अधिकारियों, प्रबंधकों, प्रशिक्षकों, टीम मैनेजरों एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिले के व्यायाम शिक्षकों एवं खेल प्रभारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उनमें अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करना तथा संभाग स्तर पर खेल कौशल को बढ़ावा देना रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अन्य जिलों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।


