प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीधी में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को स्वस्थ, अनुशासित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिलीप सोनी एवं डॉ. गंगा बैरागी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की महत्वपूर्ण शक्ति है। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाना केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे।

कार्यक्रम में डॉ. राममिलन प्रजापति, डॉ. उमेश कुमार सोनी, डॉ. सरोज सिंह, डॉ. सुखेंद्र सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. रमाकांत पांडेय सहित महाविद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन “नशामुक्त युवा—स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र” के संदेश के साथ हुआ।