मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के खेल कैलेंडर के अनुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में संभाग स्तरीय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पूर्व प्राध्यापक प्रोफेसर आर.बी.एस. चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और हार को स्वीकार कर आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के मुकाबले रोमांचक रहे। रीवा की टीम विजेता तथा सीधी की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर क्रीड़ा समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर के.एस. नेताम ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को अनुशासन एवं खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता में कैलाश वर्मा एवं शक्ति सिंह बघेल ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समापन अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. रविंद्र नाथ सिंह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।