जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और ‘‘जनजातीय गौरव दिवस’’ के पावन अवसर पर आज जिला मुख्यालय स्थित मानस भवन, गांधी पार्क, शिवपुरी में एक जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह के दौरान धार (डही) जिले से आयोजित मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ-साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रेरणादायी उद्बोधन का वर्चुअल माध्यम (लाइव प्रसारण) से श्रवण किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान छात्रावास की बालिकाओं द्वारा जनजाति लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थितजनों ने खूब सराहा।

‘जनजाति गौरव दिवस’ समारोह को उपस्थित अतिथियों और वक्ताओं ने संबोधित किया और कहा कि आज का दिन हमारे देश के इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज एक ऐतिहासिक दिवस है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके संघर्ष और देश की स्वतंत्रता में उनके अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध सशक्त मुकाबला किया और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा की। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनमन आवास योजना, जनजातीय छात्रावासों के विस्तार और शिक्षा के माध्यम से जनजातीय युवाओं को आगे बढ़ाने के विकास कार्यों की सराहना की। शिवपुरी जिले पीएम जनमन आवास योजना के तहत जनजातीय वर्ग के लिए सबसे पहले जनमन आवास बनाए गए। युवाओं और समाज को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेकर वैचारिक रूप से समर्थ समाज बनाने और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का आह्वान किया गया।

नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मिले नियुक्ति पत्र जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत सहरिया जनजाति वर्ग की नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली नवनियुक्त कार्यकर्ताओं में कु. प्रीति आदिवासी (आंगनवाड़ी केंद्र आमदाड़ कॉलोनी), श्रीमती अनीता आदिवासी (मझेरा), श्रीमती उर्मिला आदिवासी (मामोनी कॉलोनी), प्रीति आदिवासी (गंगोरा), ज्योति आदिवासी (खुट्टैला 1), श्रीमती बतले आदिवासी (देवपुर) तथा श्रीमती वर्षा आदिवासी (मानपुर) शामिल रहीं, जिन्हें शासन की इस पहल से रोजगार और नई जिम्मेदारी मिली है।

मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित गरिमामयी समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 12वीं की छात्र एवं छात्राएं कु. संजना आदिवासी (84.6 प्रतिशत), कु. अक्षिता परेतिया (86.6 प्रतिशत), अतुल आदिवासी (87.20 प्रतिशत), विकास आदिवासी (80.80 प्रतिशत), चन्द्रा आदिवासी (89 प्रतिशत), टीनू आदिवासी (82 प्रतिशत), अन्नू आदिवासी (81 प्रतिशत), राजेन्द्र आदिवासी (83 प्रतिशत), गोलू पटेलिया (82 प्रतिशत) तथा कक्षा 5वीं के रोहित आदिवासी और कक्षा 8वीं के मोन्टी आदिवासी (जो अपनी संस्था में प्रथम स्थान पर रहे) सहित अन्य प्रतिभावान छात्र-छात्राएं शामिल रहे, जिन्होंने अपनी मेहनत व लगन से जिले का मान बढ़ाया है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री प्रहलाद भारती, जिलाध्यक्ष श्री जसमंत जाटव,अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष श्री महेश आदिवासी, जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, जनपद अध्यक्ष पोहरी श्रीमती रामकली आदिवासी, जनपद अध्यक्ष कोलारस श्री भारत सिंह चौहान, सरपंच श्रीमती रामश्री आदिवासी सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, गणमान्य नागरिक, जनजातीय समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।