कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में नमो सेवा- अनकही कहानियां गतिविधि अंतर्गत सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्योपुर के विद्यार्थियों ने जिला चिकित्सालय परिसर में साइबर ठगी के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
विद्यार्थियों ने अभिनय एवं संवादों के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी से बचने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने तथा ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने का संदेश दिया। कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. दीक्षा साहू ने किया तथा कार्यक्रम का मार्गदर्शन श्री विजय कुमार शर्मा ने किया।
डॉ. दीक्षा साहू के निर्देशन में विद्यार्थियों ने प्रभावी एवं संदेशपरक प्रस्तुति दी, वहीं श्री विजय कुमार शर्मा ने मंच संचालन एवं कार्यक्रम के समुचित मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत संगीत शिक्षक श्री कुलदीप पवार द्वारा प्रस्तुत श्रीराम स्तुति से हुई। उनकी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान डॉ. दीक्षा साहू ने भी उनके साथ सहभागिता करते हुए श्रीराम स्तुति की प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने विशेष रूप से सराहा। नुक्कड़ नाटक में नवीन बरोदिया, लक्ष्य चौहान, राज सेन, उदय शर्मा, प्रद्युम्न मीणा, अभिषेक मीणा, माही जाट, पलक जाट, रूपाली पांचाल, वेदिका शर्मा, आराध्य राठौर एवं कान्हा सोनी ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ईश्वर चंद गुप्ता, नरेश योगी, शैलेंद्र धाकड़, रामदयाल राव, कौशल त्रिपाठी एवं तरुण योगी सहित शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री अशोक कुमार खंडेलवाल ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक और सतर्क रहना आवश्यक है।



