मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को पुरस्कृत करना परिवार, समाज और सरकार का दायित्व है। विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के लिए आवश्यक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। आर्थिक कठिनाइयों अथवा संसाधनों की कमी के कारण किसी भी प्रतिभावान विद्यार्थी की प्रगति नहीं रुकनी चाहिए।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान की जा रही स्कूटी केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा और परिश्रम के पुरस्कार के साथ आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रोत्साहन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल के सुभाष स्कूल में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूलों में कक्षा-12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत स्कूटी वितरण के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा शनिवार को समारोहपूर्वक प्रदेश के 7400 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी वितरित की गई।
श्योपुर जिले के 68 मैधावी विद्यार्थी हुए लाभान्वित
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना अंतर्गत श्योपुर जिले के 68 मैधावी विद्यार्थी लाभान्वित हुए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल स्थित सुभाष स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का नगरीय निकायों एवं पंचायत स्तर पर किया गया। इसके साथ ही विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किये गये। जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन ने बताया कि उक्त योजना के तहत श्योपुर जिले में 68 विद्यार्थियों को लाभ प्राप्त हुआ है।
इसके तहत 60 विद्यार्थियों को ई-स्कूटी तथा 08 विद्यार्थियों के पेट्रोल स्कूटी प्राप्त हुई है। योजना के तहत ई-स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार रूपये तथा पेट्रोल स्कूटी के लिए 90 हजार रूपये की राशि शासन द्वारा मैधावी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाती है।
नगरपालिका श्योपुर में उक्त कार्यक्रम के प्रसारण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती रेणु सुजीत गर्ग, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्री महावीर सिंह सिसौदिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सरोज तोमर, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती नेहा कुलश्रेष्ठ, श्रीमती उमा शर्मा आदि मौजूद रहे।



