शहडोल के पाँच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन 36वीं सीनियर सेपकटकरा राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ियों में वेदांत मिश्रा, अभय तिवारी, अभिनव सिंह, प्रेरणा रैगर एवं ऋषिका वर्मा शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल है।

राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक इंटरनेशनल स्टेडियम, खेलगांव, ग्वालियर में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेंगी।

शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में प्राप्त कर रहे प्रशिक्षण

चयनित सभी खिलाड़ी शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, शहडोल में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन एवं अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। प्रतियोगिता की तैयारियों के लिए 10 अक्टूबर से 29 अक्टूबर 2026 तक प्री-नेशनल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, तकनीक एवं प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए नियमित अभ्यास किया।

राम किशोर चौरसिया को मध्यप्रदेश टीम की जिम्मेदारी

राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शहडोल जिला सेपकटकरा एसोसिएशन के सचिव एवं राष्ट्रीय कोच श्री राम किशोर चौरसिया को मध्यप्रदेश टीम का कोच नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

श्री चौरसिया ने जिले के पाँच खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे शहडोल जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहडोल जिले एवं मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने वालों के प्रति जताया आभार

श्री चौरसिया ने खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के संचालक श्री राजन शर्मा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्री कमलकांत साहू, श्री अजय सौंधिया, श्री दयानंद सौंधिया तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने जिला सेपकटकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अंकुर श्रीवास्तव एवं उपाध्यक्ष श्री प्रमोद विश्वकर्मा को भी उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया।

श्री चौरसिया ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला सेपकटकरा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के निरंतर सहयोग से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।