पशुपालन एवं डेयरी विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना वर्ष 2026-27 का क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत शहडोल जिले के चयनित वृंदावन ग्रामों के पात्र पशुपालकों को उत्कृष्ट पशुपालन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
तीन ग्रामों में आयोजित होगी दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता
जिले के ग्राम सेमरा, विकासखंड बुढार, ग्राम सेन्दुरी चुनिया, विकासखंड सोहागपुर तथा ग्राम रसमपुर, विकासखंड ब्यौहारी में 27 से 31 अक्टूबर 2026 तक देशी गौवंश की उन्नत नस्लों की गायों की दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में साहीवाल, गिर, थारपारकर, हरियाणा, मालवी एवं निमाड़ी जैसी देशी गौवंश नस्लों की गायें भाग ले सकेंगी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता में निर्धारित विभागीय मापदंडों के अनुसार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसमें प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
पात्र पशुपालक पशु चिकित्सा अधिकारी से करें संपर्क
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के मार्गदर्शन में पशुपालन एवं डेयरी विभाग, शहडोल द्वारा संबंधित ग्रामों के पशुपालकों से योजना में सहभागिता की अपील की गई है। इच्छुक एवं पात्र पशुपालक अपने क्षेत्र के पशु चिकित्सा अधिकारी अथवा निकटतम पशु चिकित्सा संस्थान से संपर्क कर पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
योजना में भाग लेने के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। विभाग ने पात्र पशुपालकों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की है।


