मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शहडोल प्रवास के दौरान नीति आयोग के प्रोजेक्ट के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय छतवई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को स्वयं विकसित संकेतवाणी वेबसाइट का प्रदर्शन किया। इस वेबसाइट के माध्यम से हाथों की विभिन्न मुद्राओं को अंग्रेजी वर्णमाला के अक्षरों में परिवर्तित किया जा सकता है। यह वेबसाइट विशेष रूप से मूक-बधिर व्यक्तियों को संवाद में सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार की गई है।

विद्यालय के विद्यार्थी प्रिंस, रवि, हीरालाल, दिव्यानी एवं ममता ने मुख्यमंत्री को वेबसाइट की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से हाथों की विभिन्न मुद्राओं को अक्षरों में परिवर्तित किया जा सकता है, जिससे मूक-बधिर व्यक्तियों को संवाद करने में सहायता मिल सकती है। विद्यार्थियों ने इस अवसर पर त्रि-आयामी मुद्रण तकनीक के संबंध में भी जानकारी साझा की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों द्वारा विकसित इस तकनीकी नवाचार का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन शहडोल की पहल पर तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम प्रजापति के मार्गदर्शन में मई 2026 से सांदीपनि विद्यालय छतवई में यह प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अर्चना खरे की देखरेख में ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग सहित आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य में तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त कर सकें। संकेतवाणी वेबसाइट का विकास विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता और समाजोपयोगी नवाचार के प्रति उनकी रुचि को दर्शाता है।