मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि नवरात्रि के पावन पर्व पर आज प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों को लाड़ली बहना योजना की 41वीं किश्त की सौगात मिली है। राज्य सरकार बहनों के बैंक खातों में हर माह 1500 रुपए की राशि ट्रांसफर कर रही है। योजना की शुरुआत से लेकर अब तक 65 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। हमारी सरकार सच्चा वादा-पक्का काम के भाव से प्रदेश की जनता से किए गए जनकल्याण के सभी वादे पूरा करते हुए आगे बढ़ रही है। प्रदेश की आधी आबादी के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश के एक चौथाई जिलों में हमारी बहनें कलेक्टर की जिम्मेदारी निभा रही हैं। शहडोल संभागायुक्त और उमरिया जिले की कलेक्टर भी हमारी बहनें हैं। उमरिया जिले के बांधवगढ़ को प्रभु श्रीराम, माता सीता और भगवान श्रीकृष्ण का विशेष आशीर्वाद मिला है। उमरिया में विरासनी देवी का आशीर्वाद लेना सौभाग्य है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव उमरिया जिले के मानपुर जनपद पंचायत अंतर्गत गुरुवाही ग्राम में आयोजित लाड़ली बहना योजना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 41वीं किश्त की राशि बहनों के खातों में अंतरित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को 1834 करोड़ से अधिक राशि अंतरित की, साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और लाड़ली बहनों को गैस सिलेंडर रीफिल के लिए 115 करोड़ ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 144 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया।

महिला कल्याण के लिए राज्य सरकार ने किया 47 हजार करोड़ रुपए का बजट प्रावधान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अन्य दलों की सरकारों के दौर में प्रदेश के महिला बाल विकास विभाग का बजट केवल 350 करोड़ रुपए था, लेकिन अब राज्य सरकार ने 47 हजार करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान महिला कल्याण के लिए किया है। आज बहनों को लाड़ली बहना योजना के 1500 रुपए मिले हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी उपभोक्ताओं को गैस रिफिल प्रदाय अनुदान राशि दी गई है। इसके लिए प्रदेश की 23 लाख से अधिक बहनों को 115 करोड़ रुपए से अधिक राशि भेजी गई है। राज्य सरकार गैस रिफिल अनुदान के रूप में 3 साल में 1600 करोड़ की सहायता बहनों को दे चुकी है।

सरकार गरीब से गरीब के जीवन में खुशियां लाने के लिए काम कर रही है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने माताओं-बहनों की सुविधा के लिए पक्के मकान और शौचालय बनवाएं। राज्य सरकार ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित 50 लाख से अधिक संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराने का संकल्प लिया है। पटवारियों को जो भ्रांतियां थी, वह दूर कर दी गई हैं। हमारी सरकार गरीब से गरीब के जीवन में खुशियां लाने के लिए काम कर रही है। प्रदेश में 21 वर्ष बाद फिर से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस चलने लगी हैं। बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए सांदीपनि विद्यालय की सौगात मिल रही है, जहां उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए बस सुविधा, साइकिलें और नि:शुल्क किताबें व ड्रेस दी जा रही है।

किसानों की आय में वृद्धि के लिए गोपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों को अनेक सौगात दी जा रही हैं किसानों की आय में वृद्धि के लिए गोपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में होमस्टे को भी राज्य सरकार प्रोत्साहित कर रही है। जियो और जीने दो के सिद्धांत के अनुरूप प्रदेश के वनांचल में वन्यजीवों की विविधता को प्रोत्साहित करते हुए उनकी संख्या में वृद्धि की जा रही है। वन्यजीवों से होने वाली दुर्घटना पर मुआवजा राशि में भी वृद्धि की गई है। प्रदेश में हवाई सेवाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

65 लाख बहनें स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार बहन-बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है। प्रदेश में 65 लाख बहनें स्व-सहायता समूहों से जुड़ी हैं और आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ रोजगार पा रही हैं। इनमें से 25 प्रतिशत लखपति दीदीयां शामिल हैं। राज्य सरकार रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने पर बहनों को अलग से 5000 रुपए की वेतन में सहायता दे रही है।

136 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उमरिया जिले के समग्र विकास के लिए कुल 144 करोड़ रुपये की लागत के 136 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन हुए हैं। इनमें 87 करोड़ रुपये की लागत के 68 कार्यों का लोकार्पण और 57 करोड़ रुपये की लागत के 68 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। इन विकास कार्यों में बांधवगढ़ और मानपुर विधानसभा क्षेत्रों के कार्य भी शामिल हैं। हमारी सरकार लगातार विकास के लिए आगे रहते हुए कार्य कर रही है। उमरिया सहित आसपास के जिलों को स्लीमनाबाद टनल का भी लाभ मिलेगा, इससे सिंचाई के पर्याप्त जल उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर उमरिया में सांदीपनि विद्यालय बनाने की घोषणा की।

उमरिया के मानपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाया जाएगा।

मानपुर एवं पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल हॉस्पिटल का दर्जा मिलेगा।

उमरिया में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे।

सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय संस्थाओं को एक चौथाई मूल्य पर भूमि आवंटित किए जाएंगे।

उमरिया जिले के अमरपुर नगर को तहसील के रूप में विकसित किया जाएगा।

अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं उमरिया जिले के प्रभारी श्री नागर सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण, विकास और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही हैं। किसान सम्मान निधि, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वामित्व योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को लखपति बनाने का अभियान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में इन योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है सरकार – सांसद हिमाद्रि सिंह

सांसद श्रीमती हिमाद्रि सिंह ने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास, जनकल्याण और महिलाओं को मजबूत एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा समाज के कमजोर वर्गों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए।

उमरिया जिले के विकास कार्यों एवं जनहित की आवश्यकताओं से कराया अवगत

कार्यक्रम में मानपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री मीना सिंह तथा बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री शिवनारायण सिंह ने उमरिया जिले में किए गए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने जिले के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों और जनहित की आवश्यकताओं से भी अवगत कराया। दोनों विधायकों ने जिले में विकास कार्यों के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

विधायक एवं पूर्व मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा कि नवरात्रि के उत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को बड़ी सौगात दी है। आज मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत 41वीं किस्त जारी की गई है। सभी पात्र लाड़ली बहनों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाना, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में निरंतर सुधार करना तथा परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका को सशक्त करना है। हर महीने मिल रही राशि से बहनें अपनी आवश्यकताओं को पूरा करने साथ ही परिवार की आर्थिक गतिविधियों में भी साझेदार बन रही हैं। वहीं, कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बांधवगढ़ विधायक श्री शिवनाराण सिंह ने क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न मांगें मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष रखीं।

जून 2023 से अब तक 41 किस्तों का अंतरण

उल्लेखनीय है कि लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत जून 2023 में लगभग 1.25 करोड़ लाभार्थी बहनों को पहली मासिक आर्थिक सहायता राशि भेजी गई थी। अब तक बहनों को 41 किश्तों का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा रक्षाबंधन के त्योहार पर लाड़ली बहनों को 4 बार 250-250 रुपये की विशेष सहायता राशि सगुन के रूप में दी गई। महिलाओं को लगातार आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में 23,882.81 करोड़ रुपए के बजट प्रावधान किया है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल, शहडोल संभाग की आयुक्त श्रीमती सुरभि गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक सुश्री एन. चैतन्य, पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री विवेक सिंह, कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार बागवानी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभय सिंह, श्री आशुतोष अग्रवाल, श्री ओम नारायण सिंह, जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।