प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत आज राज्य स्तरीय स्कूटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर, भोपाल में किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शहडोल जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में वर्चुअल रूप से विद्यार्थियों एवं संबंधितों द्वारा देखा एवं सुना गया। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत शहडोल जिले के 135 विद्यार्थियों को योजना का लाभ प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनकी उच्च शिक्षा की राह को आसान बनाना है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को कॉलेज आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी, जिससे वे अपनी आगे की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रख सकेंगे।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थी का कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में ही 70 प्रतिशत अंक के साथ अपने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करना आवश्यक है। प्रदेश सरकार द्वारा स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी विद्यालयों में नियमित विद्यार्थी के रूप में अध्ययनरत विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिया जाता है। योजना में सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये तथा ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है। योजना से लाभान्वित होने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही अपनी शैक्षणिक यात्रा को आगे बढ़ाने में सहयोग मिलेगा।
शहडोल जिले में योजना के अंतर्गत लाभान्वित 135 विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने वाली इस योजना के लिए प्रदेश सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया।


