शहडोल में 70वीं स्कूल राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता शुरू हो गई है। मध्य प्रदेश के सभी 10 संभागों से आए 17 वर्ष तक के 240 खिलाड़ी इसमें अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल स्थित अपने निवास के समत्व भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए शहडोल को प्रदेश के खेल जगत का उभरता केंद्र बताया।
15 वर्षों से राज्य स्तर पर मजबूत प्रदर्शन
मुख्यमंत्री के अनुसार शहडोल संभाग का बास्केटबॉल से पुराना जुड़ाव रहा है। जिले की टीम ने पिछले 15 वर्षों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया है और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्कूल बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में पदक भी जीत चुके हैं।
जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के प्रति रुचि बनी रही और अब तीन बास्केटबॉल कोर्ट विकसित हो चुके हैं। वर्ष 2023-24 के प्रदर्शन के बाद शहडोल को 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर भी मिला था।
फुटबॉल के साथ दूसरे खेलों में भी बढ़ी भागीदारी
विचारपुर गांव फुटबॉल नर्सरी और ‘मिनी ब्राजील’ के रूप में पहचान बना चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के युवाओं में फुटबॉल के साथ क्रिकेट, एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल की लोकप्रियता भी बढ़ रही है। शहडोल ने खेलो एमपी और युवा खेलों जैसी राज्य स्तरीय स्पर्धाओं में मजबूत भागीदारी दर्ज की है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से जीत-हार से अधिक खेलने, सीखने और अपने प्रदर्शन में सुधार पर ध्यान देने को कहा। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।



