भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर रविवार को रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में जनजातीय हितग्राही श्री रंजीत मसकोले को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिला। समारोह में स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल द्वारा भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत श्री रंजीत मसकोले को अपना व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए 8 लाख रुपए का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। इस आर्थिक सहायता से अब रंजीत अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा सकेंगे। श्री रंजीत मसकोले ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की स्वरोजगार योजना से उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना साकार करने का अवसर मिला है। उन्होंने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह सहायता उनके लिए आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ ही अपने परिवार की आजीविका को बेहतर बनाने का माध्यम बनेगी।