शासकीय सांदीपनि विद्यालय, पांढुर्णा के प्राथमिक विभाग में शनिवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रतिवर्षानुसार कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर ने विधि-विधान से 401 कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कन्या पूजन के पश्चात सभी कन्याओं को कन्याभोज कराया गया तथा शिक्षण सामग्री का वितरण किया गया। एक साथ 401 कन्याओं के पूजन एवं उनके सम्मान के इस आयोजन को देखकर अतिथियों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस परंपरा को आगामी वर्षों में भी निरंतर आयोजित करने के लिए विद्यालय परिवार को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री एच.बी. हांडे, हाई स्कूल के प्राचार्य श्री सी.एस. बरेठ, प्राथमिक शाला के प्रधानाध्यापक श्री प्रदीप डोबले तथा विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक श्री प्रदीप डोबले ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वृहद कन्या पूजन एवं भोज कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।