मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सेवा योजना के निर्देशानुसार रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर चयन प्रक्रिया में पांढुर्णा जिले के राष्ट्रीय सेवा योजना के चयनित स्वयंसेवक सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम समन्वयक राष्ट्रीय सेवा योजना, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर डॉ. शोभाराम मेहरा तथा जिला संगठन राष्ट्रीय सेवा योजना, जिला पांढुर्णा डॉ. डी.के. इंदौरकर के मार्गदर्शन में जिले के एनएसएस स्वयंसेवकों का चयन किया गया है। ये स्वयंसेवक 8 अक्टूबर 2026 को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर में आयोजित विश्वविद्यालय स्तरीय पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर की चयन प्रक्रिया में सम्मिलित होंगे।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा से जितेंद्र डोहरे, रोहन वटके, रोहित पंद्राम, कुमारी हर्षाली भद्रे, कुमारी सोनम गिरारे, कुमारी योगिता धुर्वे एवं कुमारी शिवानी ढोके तथा शासकीय महाविद्यालय सौंसर से सूरज इवनाती, विशेष जांभुलकर एवं कुमारी दीप्ति राऊत चयन प्रक्रिया में सहभागिता करेंगे। इस अवसर पर जिला संगठक रासेयो डॉ. डी.के. इंदौरकर, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा की प्राचार्य डॉ. शहनाज खान, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गणेश कुमार तुमड़ाम, कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती कीर्ति सलामे, शासकीय महाविद्यालय सौंसर के रासेयो कार्यक्रम अधिकारी श्री मोहनलाल परतेती, श्री भोजराज कराले सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ ने चयनित छात्र-छात्राओं को आगामी चयन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व गणतंत्र दिवस शिविर में सहभागिता राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों के लिए नेतृत्व, अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण अवसर है। चयनित स्वयंसेवकों से अपेक्षा की गई कि वे चयन प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए जिले एवं महाविद्यालय का गौरव बढ़ाएंगे।



