गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘ सेवा संकल्प अभियान ’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय पांढुर्णा के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों द्वारा जय स्तंभ चौक पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को स्वच्छता, अनुशासन, यातायात नियमों के पालन एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने कचरा डस्टबिन में डालने, खुले में शौच नहीं करने, पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने तथा नशे से दूर रहने के प्रति नागरिकों को जागरूक किया। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। चौक पर उपस्थित नागरिकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति को उत्साहपूर्वक देखा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों की सराहना की।

इस अवसर पर थाना पांढुर्णा की महिला प्रकोष्ठ संयोजक श्रीमती संध्या रानी सक्सेना ने नागरिकों को यातायात नियमों के पालन एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देकर जागरूक किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गणेश कुमार तुमडाम ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।

कार्यक्रम में सुश्री स्नेहा राय, रक्षित निरीक्षक, श्री भूपेन्द्र सोनी, एएसआई, श्री रघुवंशी सहित यातायात विभाग के अधिकारी, एनसीसी अधिकारी मेजर शैलेश झलके उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र श्याम दलवी, कैंपस एंबेसडर जितेन्द्र डोहरे, सोनम गिरारे, रोहन वटके, रोहित पन्दराम, हेमराज कोकोड़े, हर्षाली भद्रे, चेतना बालपांडे, शिवानी ढोके सहित एनएसएस विद्यार्थियों की टीम ने नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी।