स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नरसिंहपुर की दो प्रतिभाशाली छात्राओं का चयन पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला जूडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। छात्राओं ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए, जिसके आधार पर उन्हें विश्वविद्यालय की टीम में स्थान मिला है।
राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग के खेलकूद कैलेंडर वर्ष 2026-27 के अंतर्गत गत 22 अक्टूबर को रांझी कॉलेज जबलपुर में महिला एवं पुरुष जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद छतरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हर्षिता मेहरा ने स्वर्ण पदक तथा हर्षिता तिवारी ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
दोनों चयनित खिलाड़ी 21 एवं 22 नवंबर 2026 को स्वर्णिम स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी गुजरात में आयोजित पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय जूडो प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगी। इस प्रतियोगिता में देशभर के 200 से अधिक खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना है। विश्वविद्यालय की टीम 19 नवंबर को गुजरात के लिए रवाना होगी। महाविद्यालय की ओर से चयनित खिलाड़ियों में हर्षिता तिवारी, पिता श्री दिनेश कुमार तिवारी, ग्राम लिघारी तथा हर्षिता मेहरा, पिता श्री शारदा प्रसाद मेहरा शामिल हैं।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री अर्पित सक्सेना तथा जूडो कोच श्री अशोक नामदेव एवं श्री विभु शुक्ला के मार्गदर्शन और मेहनत से खिलाड़ियों को लगातार बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य, समस्त प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



