70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के लिए की गई भोजन व्यवस्था का जायजा लेने प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह मेस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद कर प्रतियोगिता में उनके अनुभवों और उपलब्ध व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

मंत्री श्री सिंह ने खिलाड़ियों के साथ सहजता से बातचीत करते हुए उनके खेल अनुभव जाने और भोजन व्यवस्था के संबंध में उनकी राय पूछी। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को भोजन के उपरांत मीठे पान खिलाकर उनका आत्मीय स्वागत भी किया। मंत्री श्री सिंह के इस अपनत्वपूर्ण व्यवहार से खिलाड़ी खासे प्रसन्न नजर आए।

मेस परिसर में स्थापित विशेष फीडबैक पॉइंट भी खिलाड़ियों और उनके कोच के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी एवं कोच भोजन, आवास और प्रतियोगिता से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में अपने अनुभव, सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं दर्ज करा रहे हैं। इससे आयोजन की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में भी मदद मिल रही है। वहीं मेस के समीप लगाए गए भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख खिलाड़ियों के आकर्षक होर्डिंग भी सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। खिलाड़ी इन होर्डिंग के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेकर प्रतियोगिता की यादों को संजो रहे हैं।