युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 ’ में नरसिंहपुर जिले के युवाओं ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में आयोजित ऑनलाइन क्विज में जिले के लगभग 9,200 विद्यार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें से 799 विद्यार्थियों का चयन द्वितीय चरण की निबंध लेखन प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निबंध जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। मध्यप्रदेश के चयनित प्रतिभागियों के लिए ‘जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास’ विषय निर्धारित किया गया है। इस विषय पर चयनित युवा अपने विचारों और दृष्टिकोण को निबंध के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।

क्विज में चयनित भाषा में ही लिखना होगा निबंध

प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, प्रतिभागियों को प्रथम चरण की ऑनलाइन क्विज में चुनी गई भाषा (हिंदी अथवा अंग्रेजी) में ही निबंध लिखना अनिवार्य होगा। निबंध लेखन के लिए एक घंटे का समय निर्धारित है तथा शब्द सीमा 500 से एक हजार शब्दों तक रहेगी।

ऑनलाइन टाइपिंग और पीडीएफ अपलोड की सुविधा

प्रतिभागी माय भारत पोर्टल पर सीधे ऑनलाइन निबंध टाइप कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, सादे कागज पर हस्तलिखित अथवा टाइप किए गए निबंध को अधिकतम 2 एमबी आकार की एकल पीडीएफ फाइल के रूप में अपलोड करने का विकल्प भी उपलब्ध है। जिला युवा अधिकारी श्री उमंग जैन ने द्वितीय चरण के लिए चयनित सभी 799 विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में, अर्थात 22 अक्टूबर 2026 तक, माय भारत पोर्टल पर अपना निबंध अनिवार्य रूप से जमा करें। उन्होंने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा, विचारों और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करने तथा राज्य स्तर पर नरसिंहपुर जिले का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।