निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निबंध प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों को शुद्ध मतदाता सूची एवं मतदान के महत्व के प्रति किया जागरूक -- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, निवाड़ी में निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club – ELC) के तत्वावधान में विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से निबंध प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. एम. एन. खान के मार्गदर्शन में किया गया।

प्रतियोगिता का विषय "शुद्ध मतदाता सूची का महत्व एवं मतदान का महत्व" रखा गया। इसमें महाविद्यालय के विद्यार्थियों, विशेष रूप से एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के माध्यम से लोकतंत्र में मतदाता सूची की शुद्धता, पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना, मतदान के अधिकार तथा राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक मतदाता की भूमिका को रेखांकित किया।

कार्यक्रम का संयोजन कैप्टन प्रो. महिपाल सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र आरोलिया सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।