फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत रस्साकसी खेल प्रतियोगिता आयोजित
सेवा संकल्प अभियान के तहत बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियों को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं: डॉ. अमित वर्मा
विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया गया सम्मानित
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत फिट इंडिया मूवमेंट के तहत शासकीय उच्चतर उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, निवाड़ी में रस्साकसी (बालक एवं बालिका) खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में निवाड़ी विकासखंड के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. अमित वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए फिटनेस को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियों में सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूरी बनाकर खेल मैदान से जुड़ने तथा प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. अमित वर्मा ने फिट इंडिया मूवमेंट के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह देशव्यापी अभियान नागरिकों को अपने दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों एवं खेलों को शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। नियमित शारीरिक गतिविधियां जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव में सहायक होती हैं। फिटनेस को आसान, आनंददायक और सभी के लिए सुलभ बनाना इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
विद्यालय के प्राचार्य श्री आर.डी. वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित फिटनेस गतिविधियों से शरीर के साथ-साथ मस्तिष्क भी मजबूत रहता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में स्वास्थ्य और फिटनेस को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने स्वदेशी एवं पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि देशी खेलों को अपनाकर युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं सक्रिय रह सकते हैं।
रस्साकसी प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ सहभागिता की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. अमित वर्मा द्वारा विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से निवाड़ी ब्लॉक समन्वयक श्री मनीष सोनी, ब्लॉक समन्वयक श्रीमती ज्योति परमार, खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर की कोच निशा वैंश, विद्यालय की ओर से श्री चंद्रभान, प्रभारी पीटीआई श्री सुरेंद्र कुमार वर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक श्री मनीष सोनी द्वारा किया गया।



