शासकीय महाविद्यालय जौरा में मंगलवार को युवा उत्सव 2026-27 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन के साथ किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश कुमार के निर्देशन में आयोजित इस युवा उत्सव में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा, डॉ. चमन प्रकाश विमल, प्रो. अशोक कुमार, प्रो. विनोद सिंह कुशवाह, डॉ. यदुनंदन प्रसाद उपाध्याय, प्रो. जितेंद्र कुमार साकेत, प्रो. प्रफुल्ल चंद्र भौमिक, डॉ. सुधीर कुमार पाठक, डॉ. दिनेश कुमार, सुश्री संध्या टैगोर, श्री बृजेश कुमार शाक्य एवं श्री प्रशांत शर्मा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। युवा उत्सव की कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अंकिता मिश्रा एवं सदस्य डॉ. नीलम राजपूत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, उसे निखारने तथा अपनी कला और कौशल को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी रचनात्मक क्षमता का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। युवा उत्सव के प्रथम दिवस विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें समूह गायन (लोक गायन), एकल गायन (शास्त्रीय), एकल गायन (सुगम) एवं समूह गायन (भारतीय) प्रमुख रहे। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी गायन प्रतिभा एवं सांस्कृतिक अभिरुचि का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से महाविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना रहा। महाविद्यालय में युवा उत्सव के अंतर्गत 03 से 05 नवंबर 2026 तक विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस दौरान छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न मंच उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता, आत्मविश्वास, सामूहिकता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। युवा उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल अपनी अंतर्निहित प्रतिभा को पहचानने और निखारने का अवसर मिल रहा है, बल्कि उन्हें अपनी कला, संस्कृति एवं अभिव्यक्ति के विभिन्न आयामों से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है। महाविद्यालय में आयोजित इस उत्सव को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शासकीय महाविद्यालय जौरा में युवा उत्सव 2026-27 का उत्साहपूर्वक शुभारंभ
विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, 5 नवंबर तक होंगे आयोजन
धाकड़ डेस्क · 3 नवंबर 2026 · 3 मिनट


