मध्यप्रदेश शासन की 70वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता 2026 (14 वर्ष बालक) के तीसरे दिन गुरुवार को सुबह के सत्र में रोमांचक मुकाबले खेले गए। विभिन्न संभागों की टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी दावेदारी मजबूत की।
तीसरे दिन के मुख्य अतिथि भारतीय सेना के कर्नल सुनील चीकोड़े, कमान अधिकारी 5 मध्य प्रदेश बटालियन NCC, मंदसौर रहे। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी घासीलाल जोगचंद भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि कर्नल सुनील चीकोड़े ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संचालित करने में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता प्रभारी एवं उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य के.सी. सोलंकी, बालागंज विद्यालय के प्राचार्य सुदीप दास, शासकीय क्रमांक-2 विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय सिंह पुरावत, ग्वालियर से आए फील्ड ऑफिसर देवेंद्र बाथम, जिला हॉकी संघ के सचिव अविनाश उपाध्याय, खेल अधिकारी अब्दुल रजाक सहित अन्य खेल प्रशिक्षक एवं आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय रूप से अपना योगदान दे रहे हैं।
तीसरे दिन सुबह के सत्र के परिणाम
पहला मुकाबला: ग्वालियर संभाग ने शहडोल संभाग को 15-0 से पराजित किया।
दूसरा मुकाबला: भोपाल संभाग ने नर्मदापुरम संभाग को 5-1 से हराया।
तीसरा मुकाबला: सागर संभाग ने रीवा संभाग के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन करते हुए 19-0 से जीत दर्ज की।
चौथा मुकाबला: उज्जैन संभाग ने जबलपुर संभाग को 15-0 से पराजित किया।
पांचवां मुकाबला: ग्वालियर संभाग ने जनजातीय कार्य विभाग की टीम को 9-0 से हराया।
तीसरे दिन दोपहर के सत्र में इंदौर संभाग एवं सागर संभाग के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों टीमें जीत के लिए मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य के विभिन्न संभागों से आए युवा हॉकी खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारी, प्रशिक्षक एवं सहयोगी निरंतर जुटे हुए हैं।



