मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंडला जिले के टाटरी में स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर आत्मीयता और सहज संवाद की मिसाल पेश की। टाटरी हेलीपेड जाते समय मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक निजी पब्लिक स्कूल में अपना काफिला रुकवाया और वहां प्रार्थना सभा में शामिल विद्यार्थियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को अचानक अपने बीच पाकर बच्चे और उनके टीचर्स बेहद उत्साहित नजर आए। स्कूल में उस समय बच्चों की रुटीन असेम्बली चल रही थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों को परमपिता परमेश्वर से सबके कल्याण की प्रार्थना करते देखा, तो वे उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने बच्चों से प्यार से बातचीत की, उनके नाम पूछे और यह भी जाना कि वे किस कक्षा में पढ़ते हैं तथा उनकी पढ़ाई कैसी चल रही है?

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बच्चों को दुलारते हुए खूब मन लगाकर पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के साथ उनका संवाद नितान्त सहज, आत्मीय और अपनत्व से भरा रहा। मुख्यमंत्री की इस अप्रत्याशित मुलाकात से विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा अपना काफिला रोककर विद्यार्थियों के बीच पहुंचने की इस पहल ने बच्चों के लिए स्कूल की एक सामान्य सुबह को यादगार सुबह बना दिया।