कटनी (06 अक्टूबर) - शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर, कटनी में मंगलवार को जिला स्तरीय मोगली बाल उत्सव का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पांडे के निर्देशानुसार आयोजित उत्सव में जिले के सभी विकासखंडों से कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में सहायक संचालक शिक्षा श्री राजेश अग्रहरी, प्रभारी प्राचार्य श्रीमती संध्या बेन, श्रीमती रामवती टुडहा, श्रीमती नेहा सोनी, श्रीमती निधि चतुर्वेदी, श्री शैलेंद्र पटेल, श्री ओपी सोनी, श्री देव सिंह मरावी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। मोगली बाल उत्सव के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के उपरांत राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए जिला स्तर से प्रतिभागियों का चयन किया गया। कनिष्ठ वर्ग में रीठी विकासखंड के यश यादव एवं आराधना यादव का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। जबकि वरिष्ठ वर्ग में बड़वारा विकासखंड से शाहबानो एवं आकाश दुबे का चयन किया गया। चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय मोगली बाल उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर में जिला स्तरीय मोगली बाल उत्सव आयोजित कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के 4 प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुये चयनित
धाकड़ डेस्क · 6 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट


