भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली तथा संचालक, जनजातीय क्षेत्रीय विकास योजनाएं एवं जनजातीय अनुसंधान एवं विकास संस्थान, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार जिले में जनजातीय गौरव दिवस एवं रिफॉर्म्स उत्सव-2026 के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं जन-जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। रिफॉर्म्स उत्सव का आयोजन 02 अक्टूबर से 25 दिसम्बर 2026 तक निर्धारित है। इसके अंतर्गत जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत एवं स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान से विद्यार्थियों एवं आमजन को परिचित कराने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जनजातीय गौरव दिवस पर जननायकों के योगदान का होगा स्मरण
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान का स्मरण किया जाएगा। साथ ही जनजातीय जननायक टंट्या भील, रानी दुर्गावती, शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह सहित अन्य महान जननायकों के जीवन, संघर्ष एवं बलिदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया जाएगा। कार्यक्रमों का आयोजन संबंधित प्राचार्यों एवं छात्रावास अधीक्षकों/अधीक्षिकाओं द्वारा किया जाएगा।
इसी क्रम में 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक ‘मध्य भारत में जनजातीय प्रतिरोध एवं स्वतंत्रता आंदोलन’ विषय पर अकादमिक व्याख्यान एवं संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त विद्यार्थी सहभागिता कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी, कहानी लेखन, निबंध लेखन एवं वृत्तचित्रण जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। विद्यार्थियों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा शासकीय भवनों की बाहरी दीवारों पर पारंपरिक जनजातीय कला का चित्रांकन किया जाएगा। पारंपरिक जनजातीय खेलों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से तीरंदाजी एवं कुश्ती सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं 09 दिसम्बर को स्थानीय विद्यालयों के माध्यम से जिला स्तरीय लोक संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
‘छू लो आसमान’ के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
जनजातीय गौरव दिवस के अनुक्रम में जिले की शासकीय शैक्षणिक संस्थाओं में विशेष गतिविधि ‘छू लो आसमान’ का आयोजन 14 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा। इसमें हाई स्कूल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आश्रम शालाओं, केएसपी एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। प्रतियोगिताओं में सीनियर वर्ग के अंतर्गत कक्षा 9वीं से 12वीं तक तथा जूनियर वर्ग में आश्रम शालाओं के विद्यार्थी भाग लेंगे।
इस आयोजन के अंतर्गत खेल, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। खेल प्रतियोगिताओं में खो-खो, फुटबॉल एवं कबड्डी, सांस्कृतिक गतिविधियों में नृत्य, संगीत, कविता एवं नाटक तथा साहित्यिक गतिविधियों में निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला, कहानी लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं का आयोजन चरणबद्ध रूप से किया जाएगा। संकुल स्तर पर 11 नवम्बर को नोडल अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य, विकासखंड स्तर पर 12 एवं 13 नवम्बर को नोडल अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी तथा जिला स्तर पर 14 नवम्बर को सहायक संचालक, जनजातीय कार्य विभाग के माध्यम से प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जनजातीय विरासत, कला एवं संस्कृति पर केंद्रित रहेंगी प्रतियोगिताएं
विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं परंपराओं से संबंधित विषय निर्धारित किए गए हैं। चित्रकला प्रतियोगिता का विषय ‘मेरा जनजातीय समुदाय, मेरी विरासत’, कहानी लेखन का विषय ‘मेरी जनजातीय विरासत की कहानियां’, कविता का विषय ‘जनजातीय भारत की आवाजें’ तथा निबंध लेखन का विषय ‘भारत के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय योगदान’ रहेगा।
भाषण एवं संक्षिप्त लेखन प्रतियोगिताओं में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, जनजातीय विरासत, पारंपरिक ज्ञान, कला, संस्कृति एवं भारत के विकास में जनजातीय समुदायों के योगदान जैसे विषय शामिल रहेंगे। पारंपरिक कला एवं शिल्प प्रतियोगिता ‘मेरे समुदाय की कला’ विषय पर आयोजित होगी।
नृत्य एवं संगीत प्रतियोगिताओं के माध्यम से जनजातीय लोकनृत्य, पारंपरिक गीतों एवं संगीत परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा। नाटक प्रतियोगिताओं में जनजातीय इतिहास, संस्कृति, परंपराओं एवं स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समुदायों के योगदान को दर्शाने वाले लघु नाटकों का मंचन होगा। वहीं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजातीय विरासत, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक विकास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त ‘अपनी जनजाति को जानें, अपनी विरासत को पहचानें’ विषय पर जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, पारंपरिक कला एवं शिल्प, जनजातीय भाषाओं तथा भारतीय इतिहास में जनजातीय समुदायों के योगदान से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नारा एवं टैगलाइन प्रतियोगिता का विषय ‘जनजातीय विरासत का संरक्षण, सुरक्षा और उत्सव मनाएं’ निर्धारित किया गया है।
स्थानीय जनजातीय संस्कृति एवं जनभागीदारी को मिलेगा विशेष महत्व
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रमों में स्थानीय जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, लोककला, भाषाओं एवं क्षेत्रीय जननायकों को विशेष महत्व दिया जाए। गतिविधियों का आयोजन गरिमापूर्ण एवं समावेशी वातावरण में किया जाए तथा विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।


