भारतीय डाक विभाग द्वारा “अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान वर्ष 2026-27” के अंतर्गत पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन 01 अगस्त से 31 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय “एक चिट्ठी धरती माँ के नामः प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा / A Letter to Mother Earth: My Promise to Protect Nature” निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिता सभी आयु वर्ग के नागरिकों के लिए आयोजित की जा रही है। इसमें प्रतिभागियों के लिए 18 वर्ष तक तथा 18 वर्ष से अधिक आयु की दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। दोनों आयु श्रेणियों में अंतर्देशीय पत्र, जिसमें अधिकतम 500 शब्द तथा लिफाफा श्रेणी, जिसमें अधिकतम 1000 शब्दों में पत्र लिखा जा सकता है।
प्रतियोगिता के लिए पत्र हस्तलिखित होना आवश्यक है तथा इसे हिन्दी अथवा अंग्रेजी भाषा में लिखा जा सकता है। प्रतिभागी अपना पत्र अधीक्षक डाकघर, रतलाम-457001 के पते पर रजिस्टर्ड डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज सकते हैं। पत्र को निर्धारित पते पर हाथों-हाथ भी जमा किया जा सकता है।
प्रतिभागी को पत्र के साथ अपनी आयु के संबंध में स्वहस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र भी देना होगा, जिसमें यह उल्लेख करना होगा कि 01 जनवरी 2026 को उसकी आयु 18 वर्ष से कम अथवा 18 वर्ष से अधिक है।
परिमंडल एवं राष्ट्रीय स्तर पर मिलेंगे पुरस्कार
मध्यप्रदेश परिमंडल स्तर पर प्रत्येक उप-श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों का चयन किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 10 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर 5 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। परिमंडल स्तर पर चयनित पत्रों को अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए महानिदेशालय, नई दिल्ली भेजा जाएगा।
अखिल भारतीय स्तर पर महानिदेशालय, नई दिल्ली द्वारा प्रत्येक उप-श्रेणी में चयनित सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों को क्रमशः 50 हजार रुपये, 25 हजार रुपये एवं 10 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के लिए पत्र पोस्ट अथवा जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद पोस्ट किए गए पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। परिमंडल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों के परिणाम 15 दिसम्बर 2026 को घोषित किए जाएंगे।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मध्यप्रदेश परिमंडल, भोपाल श्री विनीत माथुर ने प्रदेश के सभी नागरिकों से “अखिल भारतीय ढाई आखर पत्र लेखन अभियान” में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर प्रकृति संरक्षण के प्रति अपने विचार एवं संकल्प पत्र के माध्यम से अभिव्यक्त करने की अपील की है।


