मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, भोपाल द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के परिपालन में 28 सितंबर से 10 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 18-19 आयु वर्ग के छूटे हुए युवाओं, 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नागरिकों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के दौरान छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज करना है।

निर्देशानुसार, विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत घर-घर जाकर सर्वे करेंगे। इसके साथ ही, स्कूल और कॉलेज के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने संस्थानों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों के नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन सुनिश्चित कराएं। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट https: voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप का उपयोग किया जा सकता है।

डिप्टी कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी (सामान्य निर्वाचन), श्रीमती विंकी सिंगमारे ने जानकारी दी है कि प्रक्रिया को सरल बनाते हुए अब प्रारूप-6 के साथ घोषणा पत्र प्रस्तुत करने की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया गया है।