भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा उत्सव के तहत जिले में 29 अक्टूबर 2026 को प्रातः 9 बजे से एकलव्य आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस उत्सव की थीम ’‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’’ रखी गई है। इसमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा पांच विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पांच विधाओं में प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर
युवा उत्सव में समूह लोकनृत्य एवं समूह लोकगीत में 7 युवा और 3 सहयोगियों सहित कुल 10 प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटक में 10 युवा, चित्रकला (पेंटिंग) में 2 तथा कविता लेखन में 2 प्रतिभागियों को अवसर मिलेगा। समूह लोकनृत्य एवं समूह लोकगीत की प्रस्तुति के लिए 5 से 8 मिनट, नुक्कड़ नाटक के लिए 7 मिनट, चित्रकला के लिए 6 घंटे तथा कविता लेखन के लिए डेढ़ घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवाओं के लिए My Bharat Portal पर ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन की अंतिम तिथि 22 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को पंजीयन के बाद प्राप्त विवरण पंजीयन फॉर्म के साथ जमा करना होगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों को संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष सांस्कृतिक ट्रैक में भाग ले चुके प्रतिभागी इस वर्ष सांस्कृतिक ट्रैक की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। जिला स्तरीय युवा उत्सव में शामिल होने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। प्रतिभागियों को संबंधित विधा के लिए आवश्यक सामग्री स्वयं लानी होगी। इच्छुक युवा निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कराकर प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित करें।


