विकासखंड खकनार के उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं पारंपरिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों ने समारोह में सहभागिता की। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का लाइव संबोधन भी देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा एवं जनजातीय वीरों के योगदान को याद किया गया। इस अवसर पर उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गईं। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, पशुपालन, कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। इनके माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों से अवगत कराया गया।
समारोह में संतजनों एवं जनजातीय समुदाय के नागरिकों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। संतजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए वही मेधावी विद्यार्थियों एवं पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर जनजातीय समुदाय के प्रबुद्धजन एवं संतजन, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्गाे, पूर्व विधायक श्रीमती सुमित्रा कास्डेकर, अन्य जनप्रतिनिधिगण, एसडीएम नेपानगर श्री सृजन श्रीवास्तव, जनपद पंचायत सीईओ सुश्री सुनीता बघेल, तहसीलदार खकनार श्री दयाराम अवास्या, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री भरत जांचपूरे सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


