इस वर्ष “युवा शक्ति से जन भागीदारी” के उद्देश्य से दिनांक 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में 15 से 29 वर्ष (17 अगस्त, 2026 की स्थिति में) के युवाओं हेतु ‘‘राष्ट्रीय युवा उत्सव-2027’’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष सांस्कृतिक ट्रेक में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगायन, पेंटिंग, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक का आयोजन “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” थीम पर किया जाना है। “युवा उत्सव 2027” का आयोजन जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर किया जायेगा, जिसमें जिले के विजेता युवा/दल संभाग पर प्रतिभागिता करेंगे तथा संभाग से प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त युवा/दल राज्य स्तर पर प्रतिभागिता करेंगे। भारत सरकार से प्राप्त निर्देशानुसार गतवर्ष युवा उत्सव के अन्तर्गत सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभागिता कर चुके युवा इस वर्ष युवा उत्सव के अन्तर्गत प्रतिभागिता नहीं कर सकेंगे। जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी श्री रूपसिंह कलेश ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला स्तरीय आयोजन 28 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से श्री परमानन्द गोविन्दजीवाला ऑडिटोरियम, इन्दिरा कॉलोनी में किया जा रहा है। जिला स्तरीय आयोजन समिति में कलेक्टर जिला बुरहानपुर की अध्यक्षता में जिला खेल और युवा कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना, माय भारत केन्द्र, तकनीकी शिक्षा विभाग, सांस्कृतिक विभाग के प्रतिनिधि समिति में रहेंगे। ईच्छुक युवा निर्धारित फॉर्म-बी भरकर, दो फोटो एवं आधार कार्ड के साथ अपना आवेदन जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी के कक्ष क्रमांक 65, कलेक्टर कार्यालय, बुरहानपुर में जमा कर सकते हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित है।