............. फाइनल मुकाबले में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बड़वानी को 25-19 से हराकर दर्ज की विजय बड़वानी 15 अक्टूबर 2026/ जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में शासकीय कन्या महाविद्यालय बड़वानी की छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में विजय हासिल कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता के फाइनल में शासकीय कन्या महाविद्यालय बड़वानी की टीम ने प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी की टीम को 25-19 के अंतर से पराजित किया। जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता 15 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी के खेल मैदान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में शासकीय कन्या महाविद्यालय बड़वानी की छात्राओं ने बेहतर तालमेल, सूझबूझ और सामूहिक प्रयासों के साथ खेलते हुए अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को पराजित किया और जीत अपने नाम की। इस महत्वपूर्ण जीत में महाविद्यालय की छात्रा कु. महिमा डावर एवं कु. हर्षिता खरते का विशेष योगदान रहा। दोनों खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल एवं प्रदर्शन से टीम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम की सभी खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और आत्मविश्वास ने इस जीत को संभव बनाया इस उपलब्धि पर शासकीय कन्या महाविद्यालय बड़वानी के प्राचार्य डॉ. कविता भदौरिया ने हर्ष व्यक्त करते हुए विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने छात्राओं की इस सफलता को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी प्रकार खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ ने भी इस शानदार सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विजेता टीम की सभी छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। टीम को मार्गदर्शन प्रदान करने में महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. महेश निंगवाल एवं अतिथि क्रीड़ा अधिकारी डॉ. हरीश सिसोदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों क्रीड़ा अधिकारियों के मार्गदर्शन में छात्राओं की टीम प्रतियोगिता में सम्मिलित हुई। उनके प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन से छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। शासकीय कन्या महाविद्यालय बड़वानी के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है। महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि छात्राएँ भविष्य में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नई उपलब्धियाँ हासिल करेंगी तथा महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगी।