देश की पहली प्रोफेशनल 'रेडियंट वर्ल्ड पैरा क्रिकेट लीग 2026' में बड़वानी जिले के मोरतलाई निवासी और अंतरराष्ट्रीय पैरा क्रिकेटर जितेंद्र वाघ ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन किया है। उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में जितेंद्र वाघ ने दिल्ली डायनामोज की ओर से खेलते हुए टीम को खिताबी जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (DCCBI) द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की तर्ज पर आयोजित इस राष्ट्रीय लीग में कुल 6 टीमों ने भाग लिया, जिनमें प्रत्येक टीम में 3 अंतरराष्ट्रीय (विदेशी) खिलाड़ी शामिल थे। जितेंद्र वाघ ने लीग के 5 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 9 विकेट हासिल किए। फाइनल मैच में जितेंद्र ने 2 ओवर की धारदार गेंदबाजी में मात्र कुछ रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए, जिसने दिल्ली डायनामोज की जीत की राह आसान कर दी। जितेंद्र वाघ अपने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय करियर के 30 मैचों में 45 विकेट ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 23 रन देकर 5 विकेट रहा है।
ऐतिहासिक जीत और सफल आयोजन के बाद जितेंद्र वाघ ने लीग के चेयरमैन श्री ओसीम खेत्रपाल, DCCBI के महासचिव श्री हारून रशीद, उपाध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे एवं सीईओ गज़ल खान का हृदय से आभार व्यक्त किया।



