प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा एवं नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
रैली महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर काली पुतली चौक, रानी अवंतीबाई चौक तथा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जिला चिकित्सालय परिसर पहुंची। इस दौरान स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने “सेवा ही मानव धर्म”, “स्वच्छता अपनाएं–राष्ट्र को आगे बढ़ाएं” और “नशा छोड़ो–जीवन जोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया।
जिला चिकित्सालय के समक्ष एनएसएस स्वयंसेवकों ने “स्वच्छता ही सेवा” विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से स्वच्छता के महत्व, जनभागीदारी तथा स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इसके बाद जय स्तंभ चौक स्थित न्यायालय परिसर के समीप “नशा मुक्त भारत–विकसित भारत” विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इसमें युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया गया।
रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण एवं नशा मुक्ति से संबंधित नारों और संदेशों के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय परिसर में स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर भारत के मानचित्र की आकृति बनाई। इस दौरान विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराते हुए स्वच्छता एवं नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया।
प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने कहा कि स्वच्छता एवं नशा मुक्ति केवल अभियान नहीं, बल्कि सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार हैं। युवाओं की जागरूकता, अनुशासन एवं सक्रिय भागीदारी से विकसित भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना बालक इकाई के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सुखचंद्र एड़े, एनसीसी अधिकारी मेजर डॉ. गजानन कटरे, रेड रिबन क्लब प्रभारी डॉ. शाजिया तबस्सुम सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं का विशेष योगदान रहा।



