जिले के शासकीय विद्यालयों में किए जा रहे नवाचारों, रचनात्मक गतिविधियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने लाने वाले शिक्षकों को शुक्रवार को “पोस्ट ऑफ द मंथ” सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) श्री घनश्याम बर्मन एवं एपीसी श्री विवेक गुप्ता ने चयनित शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।“पोस्ट ऑफ द मंथ” के लिए शिक्षकों का चयन उनके विद्यालयों में किए जा रहे उल्लेखनीय शैक्षणिक नवाचारों, रचनात्मक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सोशल मीडिया एवं डिजिटल माध्यमों पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के आधार पर किया गया।

सम्मान समारोह में अधिकारियों ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

डिजिटल मंच से मिल रही नवाचारों को पहचान

जिले के विद्यालयों में संचालित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों, नवाचारों एवं विद्यार्थियों की सफलता की कहानियों को अब डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक स्तर पर पहचान मिल रही है। विनोबा ऐप सहित अन्य डिजिटल माध्यमों पर शिक्षकों द्वारा विद्यालयीन गतिविधियों को साझा किया जा रहा है। “पोस्ट ऑफ द मंथ” जैसी पहल से शिक्षकों की रचनात्मकता एवं बेहतर कार्यों को प्रोत्साहन मिल रहा है।

साथ ही विद्यालयों के बीच सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण निर्मित होने और शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने में भी यह पहल उपयोगी साबित हो रही है। इस अवसर पर अधिकारियों ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयों में किए जा रहे अच्छे कार्यों को सामने लाने से अन्य शिक्षक भी प्रेरित होंगे और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव को गति मिलेगी।