शासन के निर्देशानुसार नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ उनके गांव एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के तहत 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर तथा 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में मेगा सेवा सेतु शिविर आयोजित होंगे। शिविर प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक लगाए जाएंगे।
शिविरों में पात्र नागरिकों का पंजीयन कर मौके पर ही योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। पूर्व से लाभ प्राप्त हितग्राहियों के साथ शेष पात्र नागरिकों को चिन्हित कर लक्षित योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। प्रत्येक शिविर में स्वास्थ्य शिविर एवं योजनाओं की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर श्री रत्नाकर झा ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर पात्र नागरिकों को सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराएं। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अनूपपुर नोडल अधिकारी तथा समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों, मौके पर स्वीकृत एवं लंबित आवेदनों तथा वितरित हितलाभों की पोर्टल पर रिपोर्टिंग की जाएगी।


